नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश की प्रभारी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज सुबह 11 बजे यहां राजभवन में एक सादे समारोह में मंत्रिमंडल के नये मंत्रियों को शपथ दिलाएंगी। यह चौहान के मंत्रिमंडल की पहला विस्तार होगा और इसमें करीब दो दर्जन मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। चौहान ने 23 मार्च को अकेले मुख्यमंत्री की शपथ ली थी और कोरोना वायरस महामारी और लॉकडाउन के बीच मुख्यमंत्री चौहान ने 29 दिन तक अकेले ही सरकार चलाते रहे।
बाद में 21 अप्रैल को पांच सदस्यीय मंत्रिपरिषद का गठन कर सके थे, जिनमें कांग्रेस छोड़ भाजपा में आये पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के दो मंत्री तुलसी सिलावट एवं गोविन्द सिंह राजपूत शामिल हैं। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कई दिन से हो रहे मंथन पर पूछे गये एक सवाल के जवाब में चौहान ने मीडिया से कहा, ''मंथन से अमृत ही निकलता है। विष तो शिव पी जाते हैं। आज महामहिम राज्यपाल (आनंदीबेन पटेल) शपथ ग्रहण करेंगी। बृहस्पतिवार को मंत्रिमंडल शपथ ले लेगा।''
मुख्यमंत्री के इस बयान के चंद घंटे बाद मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अजय कुमार मित्तल ने आनंदीबेन को राजभवन में बुधवार शाम साढ़े चार बजे आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल पद की शपथ दिलाई। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को 28 जून को मध्य प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
मालूम हो कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और टंडन की अनुपस्थिति के दौरान आनंदीबेन को मध्य प्रदेश के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करेंगी। भाजपा सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल में करीब दो दर्जन मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ मार्च माह में कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए नौ पूर्व विधायकों को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
हालांकि भाजपा की तरफ से अभी आधिकारिक रूप से शपथ लेने वाले लोगों के नाम को सार्वजनिक नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार 27 मंत्री आज शपथ लेंगे। इसके साथ शिवराज कैबिनेट में ज्योतिरादित्य सिंधिया का दखल बढ़ेगा। उनके कोटे से 8 और कांग्रेस से आए 3 लोग मंत्री पद की शपथ लेंगे।
भाजपा से रामखेलावन पटेल, अरविंद भदौरिया, बृजेंद्र प्रताप सिंह, विश्वास सारंग, इंदर सिंह परमार, उषा ठाकुर, भरत सिंह कुशवाह, मोहन यादव, प्रेम सिंह पटेल, जगदीश देवड़ा, विजय शाह, यशोधरा राजे सिंधिया, ओमप्रकाश सकलेचा, रामिकशोर कांवरे, गोपाल भार्गव और भूपेंद्र सिंह शपथ ले सकते हैं।
सिंधिया खेमे से प्रभुराम चौधरी, इमरती देवी, प्रद्युमन सिंह तोमर, राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, ओपीएस भदौरिया, गिर्राज दंडोतिया, सुरेश धाकड़ और बृजेंद्र सिंह यादव शपथ ले सकते हैं। वहीं कांग्रेस से बिसाहूलाल सिंह, हरदीप सिंह डंग और एंदल सिंह कंसाना शपथ ले सकते हैं।
भाजपा नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए सुबह भोपाल पहुंचेंगे। मार्च में कांग्रेस के 22 विधायकों के राज्य विधानसभा से त्यागपत्र देने से कमलनाथ नीत कांग्रेस सरकार गिर गयी थी और चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा सरकार बनी थी। वे रिकॉर्ड चौथी बार प्रदेश के मुखिया बने हैं। कांग्रेस के अधिकांश बागी विधायक, जिन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था, सिंधिया के समर्थक माने जाते हैं।
from India TV Hindi: TopStory Feed https://ift.tt/2BmdwLj

0 टिप्पणियाँ
Please do not send any spam link in comment box.