वाशिंगटन: अमेरिका में कोविड-19 से कम से कम 11 भारतीयों की मौत हो गई है, जबकि 16 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण अमेरिका में अब तक 14,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार लाख से अधिक लोग संक्रमित हैं। अमेरिका में घातक संक्रमण से जिन भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, वे सभी पुरुष हैं, जिनमें से दस न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी क्षेत्र से हैं। मृतकों में से चार न्यूयॉर्क शहर में टैक्सी चालक बताए जा रहे हैं। फ्लोरिडा में एक भारतीय नागरिक की कथित तौर पर कोरोनावायरस के कारण मौत हो गई। कैलिफोर्निया और टेक्सास राज्यों में अधिकारी कुछ अन्य भारतीय मूल के लोगों की राष्ट्रीयता का भी पता लगा रहे हैं।
इसके अलावा, चार महिलाओं सहित 16 भारतीय को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है और सभी पृथक वास में रह रहे हैं। उनमें से आठ न्यूयॉर्क से, तीन न्यूजर्सी से और बाकी टेक्सास और कैलिफोर्निया जैसे राज्यों से हैं। ये भारतीय उत्तराखंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों के रहने वाले हैं।
कोविड-19 से प्रभावित भारतीय नागरिकों और छात्रों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए भारतीय दूतावास और अमेरिका भर में स्थित वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों और भारतीय-अमेरिकी संगठनों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
कोरोना वायरस से जुड़े आंकड़े उपलब्ध कराने वाली वेबसाइट वर्डोमीटर के अनुसार बुधवार को अमेरिका में 1,931 लोगों की जान चली गई। वहीं मंगलवार को भी करीब इतने ही लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। अमेरिका में अब तक 434,581 लोग कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसमें से 396,974 मामले एक्टिव केसेज़ के हैं।
देश में अब तक 14,779 लोग कोरोना के चलते जान गंवा चुके हैं। इसके अलावा 9,279 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। देश का न्यूर्यार्क शहर सबसे ज्यादा प्रभावित है, यहां अब तक 151,171 लोग कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं 6,268 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
from India TV: TopStory Feed https://ift.tt/3c4nopo

0 टिप्पणियाँ
Please do not send any spam link in comment box.